loading...





मोहाली: भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गये हैं। इसके साथ ही उन्होंने क्रिकेट के इस प्रारूप में 9000 रन भी पूरे किये। धोनी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान अपना तीसरा छक्का जड़ने के साथ सचिन तेंदुलकर के भारत की तरफ से 195 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ा।


अपना 281वां मैच खेल रहे धोनी वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 5वें स्थान पर भी पहुंच गये हैं। वनडे में धोनी से अधिक छक्के पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (351), श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (270), वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (238) और न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम (200) ने लगाये हैं। जहां तक भारत का सवाल है तो धोनी के बाद इस रिकॉर्ड में अब तेंदुलकर (195), सौरव गांगुली (190), युवराज सिंह (148), वीरेंद्र सहवाग (136), सुरेश रैना (120) और रोहित शर्मा (114) का नंबर आता है।



भारत की तरफ से खेलते हुए सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड हालांकि अब भी तेंदुलकर के नाम पर है। धोनी ने तीन मैच एशिया एकादश की तरफ से अफ्रीका एकादश के खिलाफ भी खेले जिनमें उन्होंने सात छक्के लगाये थे। धोनी ने इससे पहले वनडे में 9000 से अधिक रन बनाने वाले 5वें भारतीय और ओवरआल तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बने। उन्होंने मिशेल सैंटनर पर छक्का जड़कर अपनी रन संख्या 26 पर पहुंचाने के साथ यह उपलब्धि हासिल की। उन्हें इस मैच से पहले यह मुकाम हासिल करने के लिये केवल 22 रन की दरकार थी।



धोनी श्रीलंका के कुमार संगकारा (विकेटकीपर के रूप में 13,341 रन) और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (विकेटकीपर के रूप में 9410 रन) के बाद वनडे में 9000 रन पूरे करने वाले तीसरे विकेटकीपर बन गये हैं। यही नहीं धोनी 9000 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं जिनका औसत 50 से अधिक है। धोनी ने इस रन संख्या में एशिया एकादश की तरफ से बनाये गये 174 रन भी शामिल हैं।


उन्होंने चार देशों श्रीलंका (2066), ऑस्ट्रेलिया (1255), इंग्लैंड (1260) और पाकिस्तान (1226) के खिलाफ 1000 या इससे अधिक रन बनाये हैं। वह कप्तान के रूप में 6500 से अधिक रन बना चुके हैं और इस रिकॉर्ड में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (8497 रन) के बाद दूसरे स्थान पर हैं। धोनी ने 90 टेस्ट मैच भी खेले जिसमें उन्होंने 38.09 की औसत से 4876 रन बनाये।







सोर्स :ज़ी न्यूज़ 
loading...

एक टिप्पणी भेजें

योगदान देने वाला व्यक्ति

Blogger द्वारा संचालित.